Showing posts with label मुक्तक. Show all posts
Showing posts with label मुक्तक. Show all posts

Wednesday, 15 April 2026

189- हर मन की चाहना


हर मन की चाहना है करूँ काम राम का

जुटना सभी को ,वक्त नहीं है आराम का

भक्ति, ओज , वीर तभी आ विराजते
समवेत स्वर में गूंजता जब नाम राम का  ।।

इतिहास कह रहा है ज़रा सी न भूल हो
स्वार्थ की तनिक सी भी मन पर न धूल हो
शृंगार करें मिलके सभी राष्ट्र-धर्म का
हाथ में सद्भाव का सुन्दर-सा फूल हो ।।

अपनी मोहब्बतों को उसके नाम लिख दिया
बाकी की ख्वाहिशों को तो आराम लिख दिया
हो कर्म हमारे सभी वतन के वास्ते
और धड़कनों पे हमने अपनी राम लिख दिया ।।

आज्ञा पिता की राज को भी छोड़ते है राम
मर्दन करें दुष्टों का दर्प तोड़ते हैं राम
केवट, निषादराज,कपि, शबरी के हो गए
जब  बाँटती है दुनिया तब जोड़ते हैं राम।।

वो आ गए हैं जानकर दिल को आराम है
फुरसत नहीं जरा भी मुझे कितना काम है
पूछते हो क्या भला आखिर वो कौन हैं
बसते थे रोम-रोम में साकार राम हैं ।।

प्रतीक्षा की बहुत आखिर घड़ी सुन्दर ये आई है
बधाई है ,  बधाई है सकल जग को बधाई है
अयोध्या से लिपट खुशियाँ खुशी से नाचतीं देखो
सुदर्शन राम की सूरत नयनों में समाई है  ।।

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 







Monday, 30 December 2024

187- खिलती खूब बहार मिले !


 स्नेहिल मित्रों , बन्धुजनों को 

खिलती खूब बहार मिले,

सुन्दर, सरस, मधुर हो जीवन 

स्नेहपूर्ण व्यवहार मिले ।

नयी मंजिलें, नये शिखर हों 

नित-नित हो आगे बढ़ना ;

पग-पग पर पथ सरल रहे , हर

कठिनाई को हार मिले ।।

नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ !


डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 


Saturday, 13 May 2023

182-बस नाम तुम्हारा !



जन्मा मुझे ,मैं जो भी हूँ उसने ही बनाया
खाना, लिखना , बोलना उसने ही सिखाया
सही गलत की उसने ही पहचान बताई
चलना है मुझे जिसपे सही पथ भी दिखाया ।।1
        **************
मुस्कुराके लाड़ से दुलारती भी है
बालों को बड़े प्यार से संवारती भी है
दो पल उदास वो मुझे रहने नहीं देती
करती हूँ गल्तियां तभी फटकारती भी है।।2
         ***************
छाए निराशा उसने गले से लगा लिया
आँचल में अपने प्यार से कितने छुपा लिया
अपने लिए किसी से कुछ भी मांगती न थी
बच्चों के लिए घर को ही सिर पर उठा लिया ।।3
         **************
अपनी चाहतों को जिया ही नहीं कभी
पीड़ा का अपनी ज़िक्र किया ही नहीं कभी
हौंसलों को मेरे उसने पंख दे दिए
सपनों पे अपने ध्यान दिया ही नहीं कभी ।।4
         **************
सबके मनों को जानती है मन की नेक है
सब मोतियों को जोड़ता धागा वो एक है
भेद सबके मौन में रखती लपेटकर
तब ही तो सबके मन की मधुरतम सी टेक है।।5
           *************
साए में जिसके प्यारी धूप प्यारी शाम है
जो सबके लिए सारे सुखों का ही धाम है
पुकारते हैं मुश्किलों में बस सदा ही 'माँ' !
आता है याद जो वो तुम्हारा ही नाम है ।।6

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 



Sunday, 14 August 2022

178-देश रहे खुशहाल !



सभी देशवासियों को स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर ढेर सारी शुभकामनाएँ  !


खिलती फुलवारी कहे , सबके दिल का हाल ।
बारिश हो सद्भाव की , देश रहे खुशहाल ।।

****************************

बातें हों मुहब्बत की , बस प्यार की गंगा हो
हर कर में तिरंगा हो , हर घर पे तिरंगा हो ।।

****************************

जिसके ऐसे बलिदानी सुत उसकी मात नहीं होगी

बिखरी यश की अमर रश्मियाँ तय है रात नहीं होगी 

धरती से अम्बर तक गूँजे गाथाएँ बलिदानों की

बात तुम्हारी ही होगी बस तुमसे बात नहीं होगी !

*************************************

तुमको पथ से डिगा सके वो तीर यहाँ निष्काम हुआ 

छल से वार करे छुप-छुप कर वह वैरी बदनाम हुआ 

कोटि-कोटि नतमस्तक ,गूँजे 'अमर रहो' के जयकारे 

जिसमें तुमने जन्म लिया है वह घर तीरथधाम हुआ ।

***************************************

गर्व बहुत है तुम पर हमको दिल में पसरा गम भी है

अन्तिम दर्शन को व्याकुल हर नयन यहाँ पर नम भी है 

तुम-सा हो जाने की चाहत जाग रही है हर दिल में 

और तुम्हारी शौर्य कथा का फहराता परचम भी है 

***************************************

सिया राम जी की कहानी पे लिखना

कान्हा,कभी राधा रानी पे लिखना 

वतन की हिफाज़त में जो मर मिटी है 

कलम ! गीत ऐसी जवानी पे लिखना ।

**************************************


ज्योत्स्ना शर्मा





Friday, 22 January 2021

150- अमर ,अटल वह ध्रुव तारा !


               खून के बदले आज़ादी देने का जिसका था नारा 

               मातृभूमि का वीर सिपाही हर इक दिल का है प्यारा 

               'जय हिन्द' उद्घोष को सुनकर जिसके ,वैरी थर्राया
                
               भारत के अम्बर पर चमका अमर ,अटल वह ध्रुव तारा !

                 ************************************

                तुमको पथ से डिगा सके वो तीर यहाँ नाकाम हुआ
 
                द्वेष-कपट से भरा हुआ बल वैरी का निष्काम हुआ 

                कोटि-कोटि नतमस्तक ,गूँजे 'अमर रहो' के जयकारे 

                जिसमें तुमने जन्म लिया है वह घर तीरथधाम हुआ ।
                             
                                          
23.1.21

Friday, 14 August 2020

145-जय हिंद

जिसके ऐसे बलिदानी सुत , उसकी मात नहीं होगी
बिखरीं यश की अमर रश्मियाँ, तय है रात नहीं होगी 
धरती से अम्बर तक गूँजें ...... गाथाएँ बलिदानों की 
बात तुम्हारी ही होगी ....बस तुमसे बात नहीं होगी ....
माँ भारती के अमर सपूतों को नमन के साथ आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ 💐🙏💐


Jyotsna Sharma

Wednesday, 26 September 2018

136-थिरकते पुरवाई के पाँव !

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा
शृंगार छंद

चरण के प्रारम्भ में 3-2 मात्राओं के क्रम के साथ 16-16 मात्राओं के चार चरण ,दो-दो चरणों के तुक मिलते हैं , तुकांत में गुरु लघु (2-1)मात्राओं का क्रम होता है | 

झूमती गाती आई भोर
दिवस लो होने लगा किशोर
थिरकते पुरवाई  के पाँव
तृप्त हों तृष्णाओं के गाँव ।।

मिले जब मन से मन का मीत
मौन में मुखरित हो संगीत
अधर पर सजे मधुर मुस्कान
हुई फिर खुशियों से पहचान ।।

जले जब नयनों के दो दीप
लगी फिर मंज़िल बहुत समीप
अँधेरों ने भी मानी हार
किया है स्वप्नों का शृंगार ।।

थामकर हम हाथों में हाथ
चलेंगे जनम-जनम तक साथ
राह में मिलने तो हैं मोड़
कहीं मत जाना मुझको छोड़ ।।
           -०-०-०-०-


Saturday, 24 March 2018

130 दो मुक्तक !

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा

1
बस फूलों की राहें पाना ऐसे थे अरमान नहीं ,
मिलकर रहना साथ बड़ा सुख इस सच से अनजान नहीं ।
आज शिकायत ख़ुद से हमको हर कोशिश नाकाम हुई ;
ग़ैरों से अपनापन पाना इतना भी आसान नहीं । ।
                                2
       उर्वर धरती में बोया है बीज कभी तो सरसेगा ,
       कोई मधुरिम गीत कभी तो मन को उनके परसेगा ।
       अपना हो या किसी और का दर्द यही फ़ितरत उसकी ;
       बसे नयन में या बादल में पानी है तो बरसेगा । ।   

               ***********@***********


Sunday, 14 August 2016

शुभ स्वतन्त्रता दिवस !

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 

खूब सजाना जनतंत्र के चारों ही आधारों को ,
और सज़ा देनी है पहले भीतर के ग़द्दारों को
नाहक छेड़ करें ना दम्भी  ,दूध छठी का याद करें
पाठ पढ़ाना है कुछ ऐसा उन कुटिलों ,मक्कारों को।।1

अभिलाषा है आज लेखनी,सरस मधुर रसधार बने
वक़्त पड़े तो खूब गरजती वीरों की हुंकार बने
करके अर्चन अरिमुण्डों से जननी का शृंगार करें
भीतर बाहर के घाती को दोधारी तलवार बने ।।2
         
पूरे करने हैं जननी के, सपने,  सब अरमान हमें
उसकी ख़ुशियों पर करने हैं अपने सुख क़ुर्बान हमें
बोस,जवाहर,गाँधी बिस्मिल नाज बहुत हमको तुमपर
सिंह भगत ,आज़ाद ,याद हैं वीरों के बलिदान हमें।3

Wednesday, 6 January 2016

नम नयनों से नमन करूँ माँ ऐसे राजदुलारों को ...



डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा

दंड अभी देना है पक्का ,सरहद के हत्यारों को
उससे पहले ढूँढो ,ठोको ,भीतर के ग़द्दारों को 
दुश्मन के सब वार भारती झेल तिरंगा ओढ़ लिया
नम नयनों से नमन करूँ माँ ऐसे राजदुलारों को ...

~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*

दीप कभी क्या गर्वित हो सूरज से आँख लड़ाता है
उद्दण्ड पवन के झोंकों से क्या पर्वत झुक जाता है 
सवा अरब हतभागी कब तक किस किस से अपमान सहें 
चुल्लू भर पानी सागर की लहरों को धमकाता है ....


~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*~*

(चित्र गूगल से साभार ) 

Sunday, 26 July 2015

वंदन-अभिनन्दन !





करगिल के अमर सपूतों के प्रति शत-शत नमन के साथ
     - ज्योत्स्ना शर्मा 
मुश्किलों से जूझते हैं और रहते हैं मगन भी ,
हौसलों के पंख लेकर ,रोज छूते हैं गगन भी |
जिस तरह से कंटकों में, फूल महकाएँ चमन को ;
सींच कर खुशियाँ लहू से ,वो सजाते हैं वतन भी ||

भारत माता के चरणों का ,हम वंदन हो जाएँगे ,
ओजस्वी मन और वचन का, अभिनन्दन हो जाएँगे |
घिस-घिस महकें माथे उनके ,इतनी सी है अभिलाषा ;
नित्य मात के पूजन-अर्चन में चन्दन हो जाएँगे ||२ 

     *********~~~~~~~*********

Saturday, 24 May 2014

पाँच रंग !





                                                           चित्र गूगल से साभार


डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा 
1
लेखनी उद्बोध लिखना और फिर शृंगार भी ,
भक्ति , ममता ,हास भी  हो दर्द का संसार भी ।
तुम उठो ,उठ कर चलो,जब भी समय की माँग पर ;
दोस्ती की जीत लिखना, दुश्मनी की हार भी ।।
2
दोस्ती ,दिल को कुदरत का ईनाम है ,.
एक इनायत ,खुशी से भरा जाम है ।
हम इसे दुश्मनी में बदलने ना दें :
ज़िंदगी में बड़ा ये भी इक काम है ।।
3
जीर्ण चदरिया मन की मीठे बोलों से सिल जानी है 
दृढ़ संकल्पों से विघ्नों की,कठिन शिला हिल जानी है
मरकर भी सुधियों में रह मन,ऐसा काम अमर कर जा
मिट्टी की काया है इक दिन, मिट्टी में मिल जानी है ।।
4
नेकी मन से ना बिसराना ,सबसे बड़ी इबादत है ,
दीन,दुखी पर दया दिखाना,सबसे बड़ी इबादत है ।
जन्म दिया है जिसने हमको,धन-धान्य से बड़ा किया ;
उनकी खातिर जान लुटाना, सबसे बड़ी इबादत है ।।
5
काम,क्रोध जब हृदय बसे तो खुशियों का संसार गया ,
कुटिल द्वेष का सर्प विषैला जीते जी बस मार गया ।
जान लिया है लोभ,मोह की वैतरणी है यह जीवन ;
दया,धर्म का लिये सहारा ,जो डूबा वो पार गया ।।

-0-

Monday, 16 December 2013

श्रद्धांजलि ...निर्भया !

                             

डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा

1
देकर ...
किरणों से ...
थोडा  सा तेज ..
थोड़ा सा  रूप ..
बना दो न दिनकर ..
मुझ को भी ....धूप ..

2
दीप्त दामिनी सी रह - रह कर अपना भान  कराती जाना ,
मधुर कण्ठ से मृदुल सुकोमल स्वरमय तान सुनाती जाना |
अस्तित्व मिटे न भीड़ भरे... इन चौराहों पर कहीं तुम्हारा ;
नारी बन अंगार अलग स्वयं की पहचान बनाती जाना ......

-0- सत्यं , शिवम् ,सुन्दरम् के सृजन के लिए ..और ..अमंगल के दहन के लिए यह अग्नि सदैव जीवित ..जाग्रत रहे ऐसी कामना के साथ ...
...सजल नयन ...श्रद्धांजलि ...निर्भया !

------------०००००००-----------
 ( चित्र गूगल से साभार )


Thursday, 27 June 2013

चाहत का घर .....

डॉ ज्योत्स्ना शर्मा

   हर एक मन की पीड़ा बस पीड़ा देती है .....हरेक नयन का आँसू मुझे रुलाता है ....चार नयन के आँसू पौंछे ...मुस्काने दे ...तब जाकर ये दिल मेरा भी मुस्काता है ......विगत कुछ दिनों के  घटना-चक्र ने व्यथित किया ...मन अवाक् है ...लेकिन कलम कह रही है ........
1
कभी तिनका -तिनका जो नीड़ जोड़ा ,
वहीं लिख दिया रब ने क्यूँ कर बिछोड़ा ।
न सैलाब रोका ...........न बाँह थामी ;
सज़ा देते ,...करते मगर माफ़ थोड़ा ।।
2
कई रोज़ से दिल परेशान है ,
कोई दर्द जैसे.. ..मेहमान है  ।
जो नज़दीक है ,मुस्कुराता रहा ;
कहें क्या वही हमसे अनजान है ।।
3
फूलों का शूलों में जैसे बसर ,
अँधेरों  में होती है जैसे सहर ।
मुमकिन है ये भी जो चाहो ज़रा ;
नफ़रत की नगरी में चाहत का घर ।।
4
ग़म भूल जाने की बातें किया कर ,
बस मुस्कुराने की बातें किया कर ।
खुशियाँ कभी तो कभी जख्म होंगें ;
पर  तू समय की सुईं  से सिया कर ।।

समय के दिए घाव समय ही भरता है ...लेकिन अभी ...आपद्ग्रस्त उत्तराखंड में राहत सामग्री यथास्थान और यथासमय पहुँचे ऐसी प्रार्थनाओं के साथ ........

ज्योत्स्ना शर्मा

Thursday, 11 October 2012

फूलों से सीखा .....




     डॉ• ज्योत्स्ना शर्मा
काँटो में बिंधना , भले चोट खाना , 
फूलों से सीखा- सदा मुस्कुराना ।
सपने सजाना है और कर्म करना ;
नियति के हाथों ,उन्हें सच बनाना ।।